blogs

Krishna Janmashtami Celebrations at Sage International School, Ayodhya Nagar Bhopal - SAGE International School Bhopal

Krishna Janmashtami Celebrations at Sage International School, Ayodhya Nagar Bhopal

सेज इंटरनेशनल स्कूल, अयोध्या नगर, ने शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिवस को बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया। नर्सरी से लेकर कक्षा दूसरी तक के विद्यार्थियों ने इस पावन पर्व को एक विशेष रंग में रंग दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की उपप्राचार्या नीलम चौधरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और श्रीकृष्ण की आरती से हुई।

छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान कृष्ण और राधा के किरदारों में सजीव प्रस्तुतियाँ देकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। बालकृष्ण और राधा के रंग-बिरंगे परिधान, उनके मासूम चेहरे और उत्साहित आँखों ने मानो द्वापर युग के उस समय को जीवंत कर दिया, जब भगवान श्रीकृष्ण ने मथुरा में अवतार लिया था।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं पर आधारित नृत्य, भजन और कविताओं की प्रस्तुतियाँ दीं। विशेष रूप से "श्रीकृष्ण गोविन्द हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवा" भजन पर बच्चों का मनमोहक नृत्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना।

नर्सरी से लेकर के जी २ तक के बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में रैंप वॉक किया, जिसे देखकर सभी अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा और उनके आत्मविश्वास की सराहना की। बच्चों की मासूमियत और उनकी उत्सुकता ने पूरे कार्यक्रम को एक अद्वितीय रंग दिया।

कार्यक्रम के समापन पर बड़ी कक्षाओं के छात्रों ने दही हांडी का आयोजन किया, जिसमें सभी बच्चों ने मिलकर बाल कृष्ण के अंदाज में मटकी फोड़ी। यह दृष्य सभी के लिए बेहद मनोरंजक और प्रेरणादायक रहा, जिससे बच्चों में उत्साह और एकता की भावना जागृत हुई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की उपप्राचार्या नीलम चौधरी ने सभी बच्चों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी और इस पावन पर्व को इतने जोश और उमंग के साथ मनाने के लिए उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों के सांस्कृतिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि उनमें हमारी समृद्ध परंपराओं और धर्म के प्रति आदर और सम्मान का भाव भी जागृत करते हैं।

सेज इंटरनेशनल स्कूल का यह प्रयास था कि बच्चों को भगवान कृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं से परिचित कराया जाए। कार्यक्रम में बच्चों की भागीदारी ने सिद्ध कर दिया कि वे न केवल शिक्षा में, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट हैं। स्कूल का यह आयोजन विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए यादगार बन गया और सभी ने इस अद्भुत उत्सव का आनंद लिया।

APPLY NOW